
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के विधि विभाग की ओर से 26 नवंबर को 77वें संविधान दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता रैली, ऑनलाइन व्याख्यान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के संरक्षण तथा विधि विभागाध्यक्ष प्रो. सूफिया अहमद एवं कार्यक्रम संयोजक प्रो. सुदर्शन वर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुए।
विधि विभाग एवं स्थायी आयोजन समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जागरूकता रैली के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान में निहित मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
संविधान दिवस पर आयोजित ऑनलाइन व्याख्यान में मुख्य वक्ता के रूप में हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, शिमला की कुलपति प्रो. प्रीति सक्सेना शामिल हुईं। विधि अध्ययन विद्यापीठ के संकायाध्यक्ष प्रो. संजीव कुमार चड्ढा भी मौजूद रहे।
प्रो. प्रीति सक्सेना ने ‘संवैधानिक न्याय-निर्णयन में पाठवाद, प्रयोजनवाद और कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि संविधान राज्य और नागरिकों के बीच एक अनुबंध है। इसकी सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि न्यायाधीश इसकी व्याख्या किस प्रकार करते हैं।

उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि एआई निर्णयों में गति और एकरूपता ला सकता है, लेकिन एल्गोरिदमिक पूर्वाग्रह और भ्रामक परिणाम जैसी चुनौतियां भी मौजूद हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कोई रोबोट न्यायाधीश मानवीय पीड़ा, नैतिकता और सामाजिक असमानता को समझ सकता है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक व्याख्या में मानवीय दृष्टिकोण आवश्यक है और एआई का उपयोग जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।
इसके अतिरिक्त आयोजन समिति की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
