लोकदल अध्यक्ष की हुंकार; बोले – दिल्ली में किसानों के ट्रैक्टरों की गूंज के साथ लड़ी जाएगी ‘एसआईआर’ की लड़ाई

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ: विपक्षी दलों के साझा मंच INDIA गठबंधन के प्रमुख घटक दल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह, लखनऊ के मॉल एवेन्यू स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सरकार पर तीखा राजनीतिक प्रहार किया है। उन्होंने एसआईआर (SIR), मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा किसानों के आंदोलन को लेकर तीखे सवाल उठाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को टालने की तनिक भी कोशिश की गई, तो लोकदल इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक मजबूती से विधिक लड़ाई लड़ेगा।

‘लहरा दो तिरंगा’ कार्यक्रम को दिया समर्थन, दिल्ली कूच की दी चेतावनी
चौधरी सुनील सिंह ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फाउंडर अभिजीत दीपके द्वारा दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित ‘लहरा दो तिरंगा’ कार्यक्रम को लोकदल अपना पूर्ण नैतिक समर्थन देता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब देश का किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ दिल्ली कूच करेगा और इस लोकतंत्र की लड़ाई को एक निर्णायक मोड़ पर ले जाएगा।

पंचायत चुनाव टालने की मंशा पर घेरा, सुप्रीम कोर्ट जाने का संकल्प
इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा तीन महीने के भीतर पंचायत चुनाव संपन्न कराने के आदेश का स्वागत करते हुए लोकदल अध्यक्ष ने कहा कि सरकार चुनाव कराने से घबरा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अमला विधानसभा चुनाव से पहले अपनी जमीनी हकीकत छुपाने के लिए इस आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने का प्रयास कर रहा है। सुनील सिंह ने कड़े शब्दों में कहा कि पंचायतें ग्रामीण लोकतंत्र की बुनियादी इकाई हैं, अतः लोकदल देश की शीर्ष अदालत में भी मजबूती से पक्ष रखकर किसी भी सूरत में चुनाव टलने नहीं देगा। किसान, युवा, मजदूर और गांव की जनता अब चुप बैठने वाली नहीं है।

Related Articles

Back to top button