
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में 26 नवंबर को पर्यावरण विज्ञान विभाग की ओर से ‘विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में अपशिष्ट पुनर्चक्रण एवं चक्रीय अर्थव्यवस्था की भूमिका’ विषय पर द्विदिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कार्यवाहक कुलपति प्रो. सुनीता मिश्रा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सीमैप, लखनऊ के निदेशक डॉ. पीके त्रिवेदी तथा विशिष्ट अतिथि आईआईटी गुवाहाटी के प्रो. अजय कलमधाड़ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं बाबासाहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। अतिथियों का स्वागत पौधे भेंटकर किया गया। प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा ने स्वागत संबोधन दिया, जबकि कार्यक्रम संयोजक डॉ. जीवन सिंह ने कार्यशाला के उद्देश्यों एवं रूपरेखा की जानकारी दी।
कार्यवाहक कुलपति प्रो. सुनीता मिश्रा ने कहा कि खाद्य अपशिष्ट और कृषि अवशेषों का उचित पुनः उपयोग पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर सकता है। उन्होंने पारंपरिक अनाज, स्थानीय खाद्य पदार्थों और कृषि संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. पीके त्रिवेदी ने एरोमा मिशन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि लेमनग्रास, खस और पामारोजा जैसे सुगंधित पौधों की खेती किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में सहायक है। उन्होंने अपशिष्ट को उपयोगी उत्पादों में बदलने को चक्रीय अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताया।

प्रो. अजय कलमधाड़ ने पूर्वोत्तर भारत की जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों के वैज्ञानिक उपयोग से रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर विकसित करने की संभावनाएं बताईं। प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा ने सर्कुलर बायोइकोनॉमी, जबकि प्रो. राजेश कुमार ने अपशिष्ट को समस्या के बजाय उपयोगी संसाधन मानने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर प्रो. शिखा ने हरित उद्यमिता और स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने की बात कही। कार्यक्रम में पुस्तिका का विमोचन किया गया। अंत में डॉ. राजेश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यशाला में शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।