536 कैडेटों के साथ 10 दिवसीय एनसीसी संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर शुरू

अशोक यादव, लखनऊ : 5 यूपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी लखनऊ की ओर से आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-226 का शुभारंभ बुधवार, 25 नवंबर 2026 को लखनऊ छावनी स्थित 02 सैन्य प्रशिक्षण वाहिनी, सेना चिकित्सा कोर केंद्र एवं कॉलेज परिसर में हुआ। इस शिविर में 15 शिक्षण संस्थानों के कुल 536 एनसीसी कैडेट प्रतिभाग कर रहे हैं।

शिविर का उद्घाटन 5 यूपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी लखनऊ के कमान अधिकारी एवं कैंप कमांडेंट विंग कमांडर सुमित डोभाल ने किया। उन्होंने शिविर में शामिल सभी एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स (एएनओ), केयरटेकर ऑफिसर्स (सीटीओ), वायुसेना प्रशिक्षकों और कैडेटों का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने शिविर के उद्देश्यों और प्रशिक्षण के दौरान होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

विंग कमांडर सुमित डोभाल ने बताया कि शिविर में कैडेटों को ड्रिल, हथियार ड्रिल, फायरिंग प्रैक्टिस, माइक्रोलाइट फ्लाइंग, माइक्रोलाइट सिमुलेटर फ्लाइंग और एयरो मॉडलिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा कैडेटों को वायुसेना स्टेशन का भ्रमण भी कराया जाएगा, जिससे उन्हें वायुसेना की कार्यप्रणाली और विमानन गतिविधियों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

शिविर के सुव्यवस्थित संचालन के लिए कैंप कमांडेंट ने कैंप एडजुटेंट, ट्रेनिंग इंचार्ज, कल्चरल इंचार्ज सहित विभिन्न जिम्मेदारियों से जुड़े अधिकारियों को दायित्व सौंपे। शिविर का आयोजन लखनऊ ग्रुप मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है।

कैडेटों के सर्वांगीण विकास के लिए योग, खेलकूद, दौड़ और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।

शिविर के अंतिम दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता कैडेटों को स्मृति चिह्न और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करना है।

Related Articles

Back to top button