
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति के विरोध में इको गार्डन में पिछले 86 दिनों से धरना दे रहे अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर से उनके आवास पर मुलाकात की। सुबह करीब 11 बजे हुई इस मुलाकात में अभ्यर्थियों ने ज्ञापन सौंपकर प्रकरण के शीघ्र समाधान और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग उठाई।
अभ्यर्थियों ने मांग की कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, केंद्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद की समिति के आदेशों के अनुरूप ओबीसी अभ्यर्थियों को आरक्षित श्रेणी का लाभ दिया जाए। इसके तहत 150 पूर्णांक में 60 अंक यानी 40 प्रतिशत पर परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। साथ ही आरक्षण विसंगति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने बताया कि पिछली मुलाकात में मंत्री ने मुख्यमंत्री से बातचीत का आश्वासन दिया था। मंगलवार को हुई मुलाकात में मंत्री ने जानकारी दी कि उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने यह मामला उठाया है। मुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर समाधान निकालने का भरोसा दिया है।
मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि अगली मुलाकात में मुख्यमंत्री के समक्ष फिर मुद्दा उठाएंगे और कैबिनेट बैठक में भी इस पर चर्चा कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछड़े समाज के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और सभी अभ्यर्थियों को न्याय मिलेगा।
वहीं, आंदोलन के सह-नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि अभ्यर्थी कई कैबिनेट मंत्रियों से मिलकर अपनी मांग रख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने आर्थिक तंगी और खाने-पीने की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि 86 दिनों से धरने पर बैठे अभ्यर्थियों के सामने अब भुखमरी जैसी स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने सरकार से जल्द न्याय देने की मांग की।
इस दौरान मोहित जाट, रणबहादुर वर्मा समेत कई अभ्यर्थी मौजूद रहे।
