नानाजी देशमुख के ग्रामोदय दर्शन को मिलेगी नई उड़ान, चित्रकूट में स्थापित होगी ग्रामोदय शोध संचार अकादमी

प्रस्तावित विश्वविद्यालय के लिए बीज संस्थान बनेगी अकादमी, पंच परिवर्तन और ग्रामीण स्वावलंबन पर केंद्रित होंगे शोध एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : भारत रत्न राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख ने चित्रकूट की धरती को अपनी कर्मस्थली बनाकर ग्रामीण विकास, स्वावलंबन और ग्रामोदय का जो व्यावहारिक मॉडल प्रस्तुत किया था, उसे अब संस्थागत स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। पंडित वेद प्रकाश शिव प्रताप शुक्ल स्मृति सेवा ट्रस्ट, चित्रकूट ने नानाजी देशमुख ग्रामोदय शोध संचार अकादमी की स्थापना का संकल्प लिया है। यह अकादमी भविष्य में प्रस्तावित ग्रामोदय विश्वविद्यालय के लिए बीज संस्थान के रूप में कार्य करेगी।

ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. अजय प्रकाश शुक्ल एवं प्रबुद्ध न्यासियों की इस पहल का उद्देश्य नानाजी के विचारों को शोध, शिक्षा, प्रशिक्षण और जनसंचार के माध्यम से समाज के बीच स्थापित करना है। विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए आवश्यक वैधानिक एवं विधायी प्रक्रियाओं के पूरा होने तक अकादमी के माध्यम से शोध और प्रशिक्षण की आधारभूमि तैयार की जाएगी।

पंच परिवर्तन और ग्रामोदय का समन्वय

अकादमी की गतिविधियों में नानाजी देशमुख के ग्रामोदय दर्शन को पंच परिवर्तन के पांच प्रमुख आयामों सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व का बोध और नागरिक कर्तव्य से जोड़ा जाएगा। इसके अंतर्गत बुंदेलखंड सहित उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, गौ आधारित कृषि, स्वदेशी उद्यमिता, पारंपरिक जल स्रोतों, स्थानीय हस्तशिल्प और संस्कारयुक्त परिवार व्यवस्था पर शोध एवं दस्तावेजीकरण किया जाएगा।

ग्रामीण युवाओं को मिलेगा संचार का प्रशिक्षण

अकादमी के अंतर्गत ग्रामोदय शोध एवं फीचर डेस्क तथा ग्राम संवाददूत प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू करने की योजना है। इसके माध्यम से ग्रामीण युवाओं और महाविद्यालयी विद्यार्थियों को रचनात्मक पत्रकारिता एवं डिजिटल संचार का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि गांवों की सकारात्मक विकास गाथाएं नीति निर्माताओं और मुख्यधारा के मीडिया तक पहुंच सकें।

इस पहल को वर्ष 1991 में नानाजी द्वारा स्थापित ग्रामोदय विश्वविद्यालय के प्रथम बैच से जुड़े तथा तीन दशकों से ग्रामोदय समाचार एवं फीचर सेवा का संचालन कर रहे अनुभवी लोगों का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।

निश्चित रूप से यह पहल नानाजी के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ ग्रामीण विकास को शोध, संवाद और स्थानीय सहभागिता से जोड़ने का प्रयास है। चित्रकूट से शुरू होने वाला यह अभियान ग्रामोदय से राष्ट्रोदय की अवधारणा को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।

Related Articles

Back to top button