संविधान दिवस पर बीबीएयू में होगा द्विदिवसीय कार्यक्रम, सप्ताहभर चला जागरूकता अभियान

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के विधि विभाग की ओर से संविधान दिवस के उपलक्ष्य में 25 नवंबर से ‘संवैधानिक संकल्प एवं मूल्य: विकसित भारत @2047 की परिकल्पना का आधार’ विषय पर द्विदिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम की समन्वयक विधि विभागाध्यक्ष प्रो. सुदर्शन वर्मा तथा सह-समन्वयक प्रो. अनीस अहमद होंगे। इसके सफल आयोजन में प्रो. प्रदीप कुमार, डॉ. मुजीबुर्रहमान एवं डॉ. खुशनुमा बानो महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी, पोस्टर मेकिंग और स्लोगन राइटिंग जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

वहीं, संविधान दिवस से पूर्व विधि विभाग की ओर से विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं विद्यापीठों में सप्ताहव्यापी संविधान जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत शिक्षा विभाग, विश्वविद्यालय इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (यूआईईटी), कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विद्यापीठ, गृह विज्ञान विद्यापीठ, प्रबंधन एवं वाणिज्य विद्यापीठ तथा पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान विद्यापीठ में जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।

इन सत्रों में प्रो. राजशरण शाही, प्रो. धीरेंद्र पांडेय, प्रो. एम. एल. मीणा, प्रो. नीतू सिंह, प्रो. शालिनी अग्रवाल, प्रो. तरुणा एवं प्रो. वेंकटेश दत्ता की उपस्थिति रही।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह अभियान विभिन्न विभागों के बीच शैक्षणिक सहभागिता बढ़ाने और गैर-विधि संकायों के विद्यार्थियों तक संवैधानिक ज्ञान पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button