जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर अब 24 घंटे मिलेगी एम्बुलेंस सुविधा, मेडिकल इमरजेंसी में तुरंत मिलेगी मदद

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब जम्मू तवी रेलवे स्टेशन परिसर में स्थायी रूप से एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। राज्य चिकित्सा विभाग, जिला प्रशासन और रेड क्रॉस के सहयोग से शुरू की गई इस सुविधा से स्टेशन पर मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।

दरअसल, स्टेशन पर पहले मेडिकल इमरजेंसी के दौरान एम्बुलेंस बुलाने और उसके पहुंचने में काफी समय लग जाता था। इससे गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी होती थी और उपचार के लिए महत्वपूर्ण माने जाने वाले ‘गोल्डन ऑवर’ का नुकसान होने की आशंका रहती थी। इस समस्या को देखते हुए जम्मू मंडल ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर स्टेशन परिसर में ही सुसज्जित एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।

मंडल रेल प्रबंधक जम्मू ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेडिकल इमरजेंसी में प्रत्येक मिनट महत्वपूर्ण होता है। स्टेशन पर एम्बुलेंस की स्थायी उपलब्धता से जरूरतमंद यात्रियों को तत्काल प्राथमिक उपचार और अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि राज्य स्वास्थ्य विभाग के साथ बेहतर तालमेल से अब आपात स्थिति में यात्रियों को बिना विलंब चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को नजदीकी सरकारी अथवा रेफरल अस्पताल पहुंचाया जाएगा। उन्होंने इस व्यवस्था में सहयोग के लिए जिलाधिकारी जम्मू का आभार भी व्यक्त किया।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पर किसी भी मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में तत्काल स्टेशन प्रबंधक, टिकट चेकिंग स्टाफ या रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) से संपर्क करें।

Related Articles

Back to top button