प्रयागराज रामबाग में डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र शिविर, 25 पेंशनरों को मिला प्रशिक्षण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के निर्देश तथा वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार के नेतृत्व में 10 नवंबर 2026 को वाराणसी मंडल के लेखा विभाग की ओर से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के तहत प्रयागराज रामबाग में प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में कुल 25 पेंशनरों ने सहभागिता की। इस दौरान सभी 25 पेंशनरों के डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (डीएलसी) जारी किए गए। साथ ही डिजिटल प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया में आने वाली समस्याओं का समाधान भी बताया गया। पेंशनरों को घर बैठे ऑनलाइन जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी और आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया।

शिविर का संचालन वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी पूनम कुमारी, वरिष्ठ लेखाकार विकास कुमार पांडेय और कार्यालय सहायक प्रमोद कुमार ने किया।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, शिविर का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की सुविधा के प्रति जागरूक करना तथा प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाना है।

इस पहल से पेंशनरों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और समय की बचत होगी। रेलवे प्रशासन ने डिजिटल सेवाओं के माध्यम से पेंशनरों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में इस अभियान को महत्वपूर्ण कदम बताया।

Related Articles

Back to top button