
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : रेल परिचालन में संरक्षा के प्रति सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले पश्चिम मध्य रेल के छह कर्मचारियों को अक्टूबर 2026 के लिए ‘उत्कृष्ट संरक्षा जागरूकता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने इन कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
पुरस्कार पाने वालों में मो. तसलीम अंसारी, वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर, सतना (जबलपुर मंडल), विजय, स्टेशन मास्टर, बखलेटा (जबलपुर मंडल), महेंद्र सिंह यादव, लोको पायलट, बीना (भोपाल मंडल), संजीव कुमार मीणा, ट्रेन मैनेजर (गुड्स), गुना (भोपाल मंडल), दिनेश चन्द्र गुर्जर, ट्रेन मैनेजर (गुड्स), कोटा तथा मुनेश सिंह जादौन, वरिष्ठ पॉइंट्समैन-ए, श्रीमहावीरजी (कोटा मंडल) शामिल हैं।
इन कर्मचारियों ने ड्यूटी और रेलखंडों पर गश्त के दौरान अपनी सतर्कता से कई गंभीर तकनीकी खामियों की समय रहते पहचान की। इनमें पहियों में निर्धारित सीमा से अधिक फ्लैट टायर, हॉट एक्सल, लोको के अंडरफ्रेम से धुआं निकलना, एक्सल लॉक होना, वैगन के पास आग लगना, बफर की ऊंचाई में अंतर और ओएचई तारों में चिंगारियां दिखाई देना जैसी घटनाएं शामिल थीं। कर्मचारियों ने तत्काल सूचना देकर निर्धारित संरक्षा प्रक्रियाओं के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की और संभावित दुर्घटनाओं को टालने में अहम भूमिका निभाई।
महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि छोटी से छोटी तकनीकी असामान्यता की समय पर पहचान और त्वरित कार्रवाई सुरक्षित रेल परिचालन के लिए बेहद जरूरी है। ऐसे जागरूक कर्मचारी अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी मनोज गुरुमुखी, उप मुख्य संरक्षा अधिकारी अजय कुमार पाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। पश्चिम मध्य रेल ने संरक्षा प्रशिक्षण, नियमित निगरानी और कर्मचारियों की जागरूकता बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।