
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने रेल संरक्षा और परिचालन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। समदड़ी-भीलड़ी रेलखंड पर 220 किलोमीटर लंबे ट्रैक का नवीनीकरण (टीआरआर) कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। मार्च 2025 में स्वीकृति मिलने के बाद इस कार्य को महज 19 महीने में पूरा किया गया है। इससे रेलपथ की गुणवत्ता और सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, समदड़ी-भीलड़ी रेलखंड सीसी+8+2टी डबल स्टैक कंटेनर परिचालन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। यहां पहले 52 केजी रेल लगी हुई थीं, जिन्हें भारी क्षमता वाले परिचालन के अनुरूप 60 केजी रेल से बदला गया है।
परियोजना के तहत आठ गर्डर पुलों पर ब्रिज चैनल स्लीपरों और रेलों का नवीनीकरण किया गया, जिनमें दो महत्वपूर्ण पुल शामिल हैं। पुलों के एप्रोच को मजबूत करने के लिए चौड़े बेस वाले स्लीपर लगाए गए। इसके अलावा 16 यार्डों में टर्नआउट और थ्रू टर्नआउट स्लीपरों का नवीनीकरण किया गया है। शेष 12 यार्डों में यह कार्य फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। रेलपथ पर 4,000 कैजुअल स्लीपर भी बदले गए हैं।

इसी तरह 16 यार्डों में एसईजे का नवीनीकरण पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष 12 यार्डों में इसे फरवरी 2027 तक पूरा किया जाएगा। दो पुलों पर आरएसआई अध्ययन के बाद एलडब्ल्यूआर का विस्तार कर फ्री ज्वाइंट समाप्त किए गए हैं।
इस नवीनीकरण के बाद रेलखंड का ट्रैक क्वालिटी इंडेक्स (टीक्यूआई) बढ़कर 106.20 हो गया है, जिसे भारतीय रेलवे में सर्वोच्च स्तर बताया गया है। वहीं, 100 किलोमीटर हिस्से में ट्रेनों की अधिकतम गति 100 से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। शेष 120 किलोमीटर में गति बढ़ाने का कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इस उपलब्धि से डबल स्टैक कंटेनर मार्ग पर सुरक्षित और सुचारू रेल परिचालन को मजबूती मिलेगी।