
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बिजनौर स्थित गौतम बुद्ध कॉलेज ऑफ फार्मेसी (जीबीसीपी) में नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत में फ्रेशर्स पार्टी ‘स्पार्क 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रंगारंग कार्यक्रमों के बीच विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) के गंभीर खतरे के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं संस्थान के अधिकारियों ने गौतम बुद्ध और मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागंतुक छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर और उपहार भेंट कर स्वागत किया।
समारोह में रैंप वॉक, एकल एवं समूह नृत्य, गायन और शेरो-शायरी जैसी आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने एएमआर के बढ़ते खतरे पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एंटीमाइक्रोबियल दवाओं का विवेकपूर्ण उपयोग और जनजागरूकता प्रतिरोधी संक्रमणों की रोकथाम के लिए आवश्यक है। भविष्य के फार्मासिस्टों को इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।

विभिन्न प्रतियोगिताओं और निर्णायकों के मूल्यांकन के आधार पर बी.फार्मा. प्रथम वर्ष के वशिष्ठ भट्ट को मिस्टर फ्रेशर और आशना खान को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं, डी.फार्मा. प्रथम वर्ष में मोहम्मद साजिद को मिस्टर फ्रेशर तथा प्रीति को मिस फ्रेशर का खिताब मिला। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर गौतम बुद्ध ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन सोमिल कुमार कुशवाहा एवं संस्थान के निदेशक डॉ. अभिषेक ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने फार्मेसी को जिम्मेदारीपूर्ण व्यवसाय बताते हुए अनुशासन, समर्पण और निरंतर अध्ययन के साथ व्यावसायिक कौशल विकसित करने की प्रेरणा दी।

समापन पर वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागंतुकों को स्मृति चिह्न भेंट किए। भव्य नृत्य प्रस्तुतियों और सायंकालीन भोज के साथ समारोह संपन्न हुआ। आयोजन में शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।