
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बरेली : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम, इज्जतनगर में राष्ट्रीय एकता की शपथ, एकता दौड़ एवं वाकाथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना रहा।
गौरतलब है कि केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार इज्जतनगर मंडल में 26 अक्टूबर से एक नवंबर 2026 तक ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ मनाया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है।
कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने उपस्थित रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को देश की एकता एवं आंतरिक सुरक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने तथा सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया।

शपथ ग्रहण के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के नेतृत्व में एकता दौड़ एवं वाकाथन आयोजित किया गया। इसमें मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह दौड़ रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोड नंबर-04 से शुरू होकर रेलवे अधिकारी क्लब, रोड नंबर-02 तक आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और देश की अखंडता का संदेश दिया।
वहीं, सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत यात्रियों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इज्जतनगर रेलवे स्टेशन पर रेलकर्मियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर आधारित इस नाटक के माध्यम से ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री संदीप सिंह ने किया। इस आयोजन के माध्यम से रेलकर्मियों ने राष्ट्रीय एकता के साथ-साथ कार्यस्थल पर सत्यनिष्ठा और ईमानदारी बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

