
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 31 अक्टूबर को जम्मू मंडल में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और रेल सुरक्षा बल के जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक जम्मू विवेक कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं रेल कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। सभी ने एक स्वर में देश की आंतरिक सुरक्षा में अपना योगदान देने तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों और दूरदर्शिता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार के नेतृत्व में ‘रन फॉर यूनिटी’ यानी एकता दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों ने एकता दौड़ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने रेलकर्मियों से अपने कार्यों और जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जम्मू मंडल के प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ रेल अधिकारी, मुख्यालय के कर्मचारी तथा विभिन्न विभागों के रेलकर्मी उपस्थित रहे। समारोह का उद्देश्य सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।