
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68500 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण से प्रभावित अभ्यर्थियों का आंदोलन राजधानी के ईको गार्डन में शनिवार को 61वें दिन भी जारी रहा। वहीं, अभ्यर्थियों की भूख हड़ताल छठे दिन में पहुंच गई है। आंदोलनरत अभ्यर्थियों ने दीपावली से पहले नियुक्ति प्रक्रिया का शेड्यूल जारी करने की मांग करते हुए प्रदेश सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
भूख हड़ताल के दौरान तबीयत बिगड़ने पर लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराए गए चित्रकूट के दीपक पटेल और बरेली के नसीम फरीदी को शनिवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दोनों अभ्यर्थियों की हालत में सुधार के बाद आंदोलनकारियों ने राहत की सांस ली। हालांकि, अभ्यर्थियों ने नियुक्ति की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।
इसी क्रम में आंदोलन स्थल पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई गई। अभ्यर्थियों ने उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही सामाजिक एकता, अधिकारों और न्याय के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
आंदोलन के नेतृत्वकर्ता तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने कहा कि ओबीसी, दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित वर्ग के अभ्यर्थी लंबे समय से अपने अधिकारों और नियुक्ति के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए दीपावली से पहले नियुक्ति प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी करना चाहिए।
धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि आंदोलन के चलते अभ्यर्थियों के नवरात्र, दशहरा और करवा चौथ जैसे त्योहार धरना स्थल पर ही बीते हैं। अब उनकी इच्छा है कि दीपावली भी आंदोलन के बीच न मनानी पड़े। सरकार शीघ्र निर्णय लेकर अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को राहत प्रदान करे।
अभ्यर्थियों का कहना है कि नियुक्ति शेड्यूल जारी होने से लंबे समय से चल रहे आंदोलन का समाधान निकल सकेगा और न्याय की प्रतीक्षा कर रहे सैकड़ों परिवारों को राहत मिलेगी।