
अशोक यादव, लखनऊ : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर 2026 को उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल की ओर से राष्ट्रीय एकता की शपथ एवं ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन में राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर चारबाग रेलवे स्टेडियम में अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान ने उपस्थित अधिकारियों एवं रेलकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प दिलाया।
शपथ ग्रहण के बाद चारबाग रेलवे स्टेडियम से लखनऊ रेलवे स्टेशन तक ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और आपसी सहयोग का संदेश दिया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान का स्मरण कराता है। उनके प्रयासों ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उन्होंने रेलकर्मियों से अपने दायित्वों का निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संदेश के साथ हुआ। इस आयोजन के माध्यम से उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
