
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी सुनील सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए भाजपा ने कानून तक में बदलाव कर दिया है और पूरी पार्टी उन्हें सुरक्षा देने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार भारत से बड़े नहीं हैं और लोकतंत्र से ऊपर कोई व्यक्ति नहीं हो सकता।
सुनील सिंह ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का जन महाभियोग और जन संसद शुरू हो चुकी है। विपक्षी एकता को देखकर भाजपा परेशान है, लेकिन लोकतंत्र की रक्षा की यह लड़ाई अब जनआंदोलन का रूप ले रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर भाजपा ज्ञानेश कुमार को इतना सुरक्षा कवच क्यों दे रही है और उन्हें बचाने के लिए पूरी ताकत क्यों लगा रही है?
उन्होंने कहा कि यह संघर्ष किसी एक व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि देश की जनता के मताधिकार, निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए है। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जनता के वोट की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है।

लोकदल अध्यक्ष ने कहा कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली INDIA गठबंधन की महारैली में विपक्षी दल लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करेंगे। लोकदल गठबंधन के घटक दल के रूप में इस संघर्ष में पूरी मजबूती से शामिल है।
सुनील सिंह ने देश की जनता, किसानों और अपने समर्थकों से परिवार सहित रामलीला मैदान पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए सभी को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में रामलीला मैदान पहुंचकर INDIA गठबंधन की रैली को सफल बनाएं और निष्पक्ष चुनाव एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाएं।
उन्होंने कहा कि देश और लोकतंत्र सर्वोपरि हैं तथा इनकी रक्षा के लिए जनता की एकजुटता जरूरी है।