
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और एकीकरण में सरदार पटेल का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

दौरे का विशेष आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब रेल मंत्री ने बरेका की कर्मचारी कैंटीन में कर्मचारियों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से सहज बातचीत कर उनके कार्य अनुभव, कैंटीन में खानपान की सुविधाओं और कार्यस्थल से जुड़े सुझावों की जानकारी ली। मंत्री के इस आत्मीय व्यवहार से कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इसके बाद उन्होंने बरेका कर्मचारी परिषद, एससी/एसटी एसोसिएशन, बीएलडब्ल्यू मजदूर संघ और मेंस कांग्रेस ऑफ बीएलडब्ल्यू के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं, मांगें और सुझाव सुने। कर्मचारी संगठनों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपे। मंत्री ने समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

रेल मंत्री ने महिला कर्मचारियों से भी संवाद किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण, बेहतर सुविधाओं और रेलवे में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर चर्चा की। उन्होंने रेलवे के विकास में महिला कर्मचारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार, बरेका महाप्रबंधक आशुतोष पंत, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप यादव, कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
