‘ऑपरेशन आहट’ के तहत आरपीएफ ने 5 नाबालिग बच्चों को मानव तस्करी से बचाया; आरोपी जहांगीर न्यायिक हिरासत में

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की संयुक्त टीम ने मानव तस्करी व बाल श्रम के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने ‘ऑपरेशन आहट’ के तहत 5 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बरामद किया तथा एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है।

एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम द्वारा गाड़ी संख्या 15568 में अयोध्या कैंट से लखनऊ के मध्य चेकिंग के दौरान कोच एस-5 से इन बच्चों को छुड़ाया गया। पूछताछ में सामने आया कि इन बच्चों को कटिहार (बिहार) से अहमदाबाद (गुजरात) बाल श्रम के लिए ले जाया जा रहा था। बच्चों को ले जा रहे अभियुक्त जहांगीर आलम (25 वर्ष), निवासी मालदा (पश्चिम बंगाल) को हिरासत में लिया गया है। उसने कबूल किया कि बच्चों के माता-पिता को पैसों का लालच देकर वह उन्हें ले जा रहा था। सभी बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया गया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, थाना एएचटी डालीगंज (लखनऊ) में मुकदमा अपराध संख्या 06/2025, धारा 143(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। शनिवार को अभियुक्त जहांगीर को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे 14 दिवसीय न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है [26-09-2026]।

Related Articles

Back to top button