अखिलेश यादव से मिले लोकदल अध्यक्ष सुनील सिंह; कहा— 2027 में अखिलेश को बनाएंगे मुख्यमंत्री

अशोक यादव, लखनऊ : लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक में उत्तर प्रदेश के आगामी 2027 विधानसभा चुनाव, किसानों की समस्याएं, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर गंभीर चर्चा हुई।

मुलाकात के बाद लोकदल अध्यक्ष सुनील सिंह ने बताया कि सपा प्रमुख ने उन्हें गठबंधन में लोकदल को पूरा सम्मान देने और उनके हितों की रक्षा करने का भरोसा दिलाया है। सुनील सिंह ने जोर देकर कहा कि 2027 का चुनाव न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि देश की राजनीतिक दिशा तय करेगा। भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने के लिए कांग्रेस, सपा और लोकदल जैसी लोकतांत्रिक ताकतों को एकजुट होकर लड़ना होगा।

सुनील सिंह ने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य लक्ष्य 2027 में अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना है। सीटों के तालमेल पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि लोकदल की 35 सीटों की मांग सहित अन्य विषयों पर बातचीत आगे भी जारी रहेगी। गठबंधन में सम्मानजनक भागीदारी के साथ किसानों और गरीबों के मुद्दों को प्राथमिकता देना लोकदल की मुख्य शर्त है।

Related Articles

Back to top button