अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित होंगी प्रियंका गोस्वामी, पूर्वोत्तर रेलवे – इज्जतनगर मंडल का बढ़ाया मान

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बरेली : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा घोषित राष्ट्रीय खेल पुरस्कार- 2025 के तहत पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल में ओएसडी के पद पर कार्यरत अंतरराष्ट्रीय रेस वॉकर प्रियंका गोस्वामी को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उनकी इस उपलब्धि से पूर्वोत्तर रेलवे एवं इज्जतनगर मंडल का गौरव बढ़ा है।

प्रियंका गोस्वामी ने रेस वॉकिंग के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया है। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल-2022 में उन्होंने 10,000 मीटर रेस वॉक स्पर्धा में रजत पदक जीतकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की थी। वर्ष 2023 में बैंकॉक में आयोजित एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने 20 किलोमीटर रेस वॉक में रजत पदक प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त प्रियंका गोस्वामी टोक्यो ओलंपिक-2020 एवं पेरिस ओलंपिक-2024 में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

प्रियंका गोस्वामी को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने जाने पर मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रियंका गोस्वामी का अर्जुन पुरस्कार के लिए चयन इज्जतनगर मंडल एवं पूर्वोत्तर रेलवे के लिए गौरव का विषय है। उनकी उपलब्धियां भारतीय रेलवे के खिलाड़ियों तथा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने प्रियंका गोस्वामी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह भविष्य में भी देश एवं भारतीय रेलवे का नाम रोशन करती रहेंगी।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, मंडल क्रीड़ा अधिकारी राजकुमार एवं मंडल क्रीड़ा सचिव श्रीमती गीता शर्मा सहित इज्जतनगर मंडल के समस्त खिलाड़ियों ने प्रियंका गोस्वामी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button