
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने पार्सल परिवहन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अगस्त 2025 में जहाँ मंडल में 164 एसएलआर (Seating-cum-Luggage Rake) लीज पर संचालित थे, वहीं अगस्त 2026 में यह संख्या बढ़कर 175 हो गई है। इस प्रकार दिल्ली मंडल ने एसएलआर पार्सल लीजिंग में वर्ष-दर-वर्ष 6.71 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है।
एसएलआर की संख्या में हुई इस वृद्धि से पार्सल परिवहन क्षमता में उल्लेखनीय विस्तार होगा, जिससे व्यापारियों, उद्योगों तथा आम जनता को अपने सामान की तेज़, सुरक्षित एवं सुगम ढुलाई की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। इससे समयबद्ध पार्सल सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्राहकों की बढ़ती मांग को अधिक प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकेगा।
दिल्ली मंडल का यह प्रयास भारतीय रेल की माल एवं पार्सल परिवहन सेवाओं को अधिक प्रतिस्पर्धी और ग्राहक-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही, एसएलआर लीजिंग में वृद्धि से भारतीय रेल के मालभाड़ा एवं पार्सल राजस्व में भी सकारात्मक बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
दिल्ली मंडल भविष्य में भी आधुनिक, विश्वसनीय एवं ग्राहक-अनुकूल पार्सल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।