
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुरादाबाद / लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महायज्ञ के तहत शनिवार को प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने जनपद मुरादाबाद में दो स्थानों पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के प्रांगण में वन विभाग सहित 26 राजकीय विभागों द्वारा संचालित ‘35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान’ के निमित्त पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की प्रेरणा एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश हरित, समृद्ध एवं पर्यावरण-संतुलित भविष्य की दिशा में निरंतर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने इस महाअभियान को प्रकृति संरक्षण का जनआंदोलन बना दिया है। यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम है।

मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने ग्राम सभा कुचावली में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘वृक्षारोपण महायज्ञ’ में सहभागिता कर पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरणादायी आह्वान एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा था ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी, मातृत्व के प्रति सम्मान तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का सशक्त संदेश है।