बीबीएयू में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का भव्य शुभारंभ; कुलपति ने दिलाई सामूहिक जिम्मेदारी की शपथ

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) में 17 सितंबर 2026 को ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान की शुरुआत की गई। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, स्वच्छता प्रभारी डॉ. रवि शंकर वर्मा और खेल प्रभारी डॉ. मनोज कुमार डडवाल सहित कई शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में कुलपति प्रो. मित्तल ने जोर देकर कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। एक स्वच्छ वातावरण समाज में सकारात्मक सोच विकसित करता है। उन्होंने अपील की कि यदि हर व्यक्ति अपने घर और कार्यस्थल से सफाई की शुरुआत करे, तो स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने स्वच्छता को केवल अभियान न मानकर अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

यह राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान विश्वविद्यालय परिसर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे एक महीने चलेगा। इसके तहत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और स्टाफ को स्वच्छ परिसर, स्वच्छ कार्यस्थल और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि व्यक्तिगत और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिल सके।

Related Articles

Back to top button