छठ पर्व पर रेलवे की विशेष सौगात, पहली अमृत भारत 3.0 ट्रेन नई दिल्ली से पटना रवाना

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे ने विशेष पहल की है। इसी कड़ी में भारत की पहली अत्याधुनिक ‘अमृत भारत 3.0’ ट्रेन को 11 नवंबर की मध्य रात्रि छठ पूजा स्पेशल ट्रेन के रूप में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पटना के लिए रवाना किया गया।

ट्रेन के रवाना होने के दौरान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का वातावरण छठ के पारंपरिक लोकगीतों से भक्तिमय हो उठा। स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों ने उत्साह के साथ इस पहल का स्वागत किया। छठ पर्व पर घर लौट रहे यात्रियों के लिए यह ट्रेन विशेष सौगात बनकर सामने आई।

अमृत भारत 3.0 ट्रेन को खासतौर पर आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर आधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है। इसमें आरामदायक सीटें, बेहतर सस्पेंशन प्रणाली, आधुनिक शौचालय और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

ट्रेन में इस्तेमाल की गई पुश-पुल तकनीक बेहतर परिचालन और सुगम यात्रा में सहायक है। इससे यात्रियों को तेज रफ्तार के साथ आरामदायक सफर का अनुभव मिलने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि छठ महापर्व के दौरान दिल्ली से बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में इस विशेष ट्रेन के संचालन से अतिरिक्त यात्री दबाव कम करने और लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

भारतीय रेलवे की इस पहल को त्योहारों के दौरान यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। रेलवे ने सभी यात्रियों को सुरक्षित, सुखद और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Back to top button