कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को मिली एक और बड़ी जिम्मेदारी, बने विधान परिषद के नेता सदन

अशाेक यादव, लखनऊ। उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष और राज्य सरकार में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए विधान परिषद में पार्टी का नेता सदन बनाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद स्वतंत्र देव विधान परिषद में अब पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा की जगह लेंगे। योगी आदित्यनाथ ने ही उनके नाम का प्रस्ताव सभापति को भेजा था, जिसे अनुमोदित करते हुए उन्हें विधानपरिषद का नेता सदन बनाया गया है।

योगी आदित्यनाथ के ही नेतृत्व वाली पिछली भाजपा सरकार में परिवहन मंत्री रहे स्वतंत्र देव को 16 जुलाई 2019 को भाजपा उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनका जन्म 13 फरवरी 1964 को मिर्जापुर में हुआ है। एक समय में अखबार से बतौर जिला संवाददाता जुड़कर पत्रकारिता कर चुके स्वतंत्र देव सिंह ने अपने राजनीतिक सफर में भाजपा कार्यकर्ता से लेकर संगठनकर्ता तक का सफर तय किया है।

Related Articles

Back to top button