विश्व पर्यावरण दिवस : एसीएस मीणा ने वृक्षारोपण कर, पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बी.एल. मीणा ने शुक्रवार को राजकीय शीतग्रह परिसर, अलीगंज में फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने मशरूम प्रयोगशाला प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 50 प्रशिक्षणर्थियों को पांच-पांच पौधे वितरित किए। परिसर में आम, आंवला, बेल, अमरूद तथा अन्य उपयोगी लगभग 2000 पौधों का रोपण किया गया।

अपर मुख्य सचिव ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण अभियान को केवल पौधे लगाने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण, नियमित सिंचाई और देखभाल की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पौधों का जीवित रहना ही वृक्षारोपण अभियान की वास्तविक सफलता है।

उद्यान निदेशक ने कहा कि फलदार एवं औषधीय पौधे पर्यावरण को संतुलित रखने के साथ-साथ पोषण, स्वास्थ्य और आर्थिक समृद्धि के भी महत्वपूर्ण स्रोत हैं। इनके संरक्षण एवं संवर्धन से आने वाली पीढ़ियों को बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।

इस अवसर पर वित्त नियंत्रक संजय कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक सर्वेश कुमार, उप निदेशक डीके वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी धीरेन्द्र सिंह सहित कार्मिकों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा प्रदेश को अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button