
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश की पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्य मंत्री श्रीमती कृष्णा पासवान ने शुक्रवार यहां बापू भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पशुधन एवं दुग्ध विकास क्षेत्र में लगातार जनहितकारी एवं सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य पशुपालकों की आय में निरंतर वृद्धि करते हुए प्रदेश को पशुधन एवं दुग्ध उत्पादन क्षेत्र में बढ़ोत्तरी करना है। पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के कार्य सेवा का एक महत्वपूर्ण एवं पावन अवसर भी है और उनका प्रयास रहेगा कि विभागीय योजनाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाते हुए उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
श्रीमती कृष्णा पासवान ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व एवं पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह के दिशा-निर्देशन में विभाग प्रदेश के किसानों, पशुपालकों एवं दुग्ध उत्पादकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहा है। राज्य सरकार द्वारा निराश्रित गोवंश का प्रभावी रूप से संरक्षण एवं संवर्धन किया जा रहा है जिससे गौशालाएं आत्मनिर्भर बन रही है और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के महत्वपूर्ण केन्द्र बिंदू के रूप में उभरकर सामने आ रही है।
श्रीमती कृष्णा पासवान ने विशेष रूप से महिलाओं को डेयरी एवं पशुपालन गतिविधियों से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण महिलाओं को डेयरी विकास योजनाओं से जोड़कर उन्हें आय के स्थायी साधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, तभी परिवार एवं समाज भी सशक्त बनेगा।
राज्य मंत्री ने कहा कि पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इसे और अधिक मजबूत बनाकर लाखों परिवारों की आय में वृद्धि की जा सकती है। प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसी उद्देश्य के साथ उनका प्रयास रहेगा कि विभाग द्वारा आधुनिक तकनीकों, उन्नत नस्लों के संवर्धन, बेहतर पशु चिकित्सा सेवाओं एवं दुग्ध उत्पादन वृद्धि पर और अधिक विशेष ध्यान दिया जाए।
राज्य मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में और अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
