सतर्कता जागरूकता सप्ताह : उत्तर रेलवे मुख्यालय में प्रश्नोत्तरी और विचार-विमर्श प्रतियोगिता आयोजित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को उत्तर रेलवे मुख्यालय में सतर्कता विभाग की ओर से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके साथ ही ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ (Probity for Prosperity) विषय पर विचार-विमर्श प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य रेलकर्मियों में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही की भावना को मजबूत करना रहा।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में रेलवे के विभिन्न विभागों की नौ टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कई चरण रखे गए, जिनमें रेलवे स्थापना नियम, सतर्कता संबंधी अनुशासन एवं अपील नियम, भारतीय संविधान, पर्यावरण संबंधी मुद्दे और समसामयिक घटनाओं पर आधारित प्रश्न पूछे गए। इसके अतिरिक्त दृश्य-श्रव्य माध्यमों से भी प्रतिभागियों के ज्ञान और समझ का आकलन किया गया।

इसी क्रम में आयोजित विचार-विमर्श प्रतियोगिता में राजपत्रित और अराजपत्रित रेलकर्मियों ने सक्रिय भागीदारी की। प्रतिभागियों ने सत्यनिष्ठा, नैतिक आचरण और कार्यस्थल पर पारदर्शिता जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, ये आयोजन सतर्कता जागरूकता सप्ताह के कार्यक्रमों का हिस्सा हैं। इस वर्ष सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह का मुख्य उद्देश्य रेलवे संगठन में भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पारदर्शिता, जवाबदेही और सत्यनिष्ठा की संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से कर्मचारियों को नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने और संगठनात्मक कार्यप्रणाली में ईमानदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button