
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज ‘कर्मचारी कल्याण निधि’ के अंतर्गत कतर्नियाघाट वन्य जीव संरक्षण अभ्यारण्य के लिए एक दिवसीय निशुल्क जंगल सफारी का आयोजन किया गया।

इस कर्मचारी भ्रमण शिविर में गोण्डा एवं बलरामपुर परिक्षेत्र में यांत्रिक, कैरेज एंड वैगन, मेडिकल, वाणिज्य, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा विद्युत (लोको शेड) विभागों में कार्यरत 18 महिला रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने कतर्नियाघाट में जंगल सफारी का उत्साहपूर्वक आनन्द लिया तथा जंगल में दुलर्भ वन्य जीवों और वनस्पतियों का अनुभव प्राप्त किया। इसके पूर्व सभी महिला रेल कर्मचारियों ने बिछिया रेलवे स्टेशन एवं मीटर गेज हेरिटेज टेªन का अवलोकन किया। इस अवसर पर स्मृति स्वरूप रेलवे प्रशासन द्वारा सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह् व उपहार प्रदान किया गया।

इस भ्रमण टूर का उद्देश्य महिला रेल कर्मचारियों को दैनिक कार्यों की व्यस्तता से अलग एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करना था।

यात्रा के दौरान महिला कर्मचारियों के लिए आवश्यक सुविधाओं एवं सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए। इस अवसर पर मुख्य हित निरीक्षक मनीष कुमार श्रीवास्तव एवं संतोष कुमार गुप्ता की उपस्थिति में भ्रमण को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया गया।