
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वाेत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में गुरुवार मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्रीमती नीतू, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ. शिल्पी कन्नौजिया तथा शाखाधिकारियों की उपस्थिति में वेबिनार के माध्यम से “संरक्षा संवाद” संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
“संरक्षा संवाद” संगोष्ठी के आरंभ में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने ट्रेन संचालन के दौरान लखनऊ मंडल के फ्रंटलाइन संरक्षा स्टाफ, स्टेशन अधीक्षक, यातायात निरीक्षक तथा सीनियर सेक्शन इंजीनियर/पीवे आदि सुपरवाइजर्स के साथ उनकी दैनिक कार्यप्रणाली में आने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
संगोष्ठी में इंटरलॉक एवं नॉन-इंटरलॉक समपार फाटकों की कार्यप्रणाली, प्राइवेट नंबर एक्सचेंज प्रणाली, समपार फाटक वॉयस रिकॉर्डिंग, गेटमैन काउंसलिंग, समपार फाटक सुरक्षा उपकरण, बंद समपार फाटकों पर अनाधिकृत आवागमन, कार्यस्थल संरक्षा तथा ट्रेन संचालन से संबंधित विभिन्न संरक्षा विषयों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने सुपरवाइजर्स से संवाद स्थापित करते हुए ट्रेन संचालन एवं रेलपथ अनुरक्षण के दौरान विशेष निगरानी रखते हुए समग्र संरक्षा में सुधार हेतु सुझाव प्राप्त किए तथा संरक्षा सावधानियों के विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने रेलवे सुपरवाइजर्स को ट्रेन संचालन के दौरान सदैव सतर्क रहने एवं निर्धारित संरक्षा नियमों का पूर्ण निष्ठा से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलपथ अनुरक्षण कार्य के दौरान नियमानुसार ब्लॉक लेकर ही कार्य किया जाए। वर्तमान मंे ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए अधीनस्थ कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि “संरक्षा सर्वाेपरि है” तथा अनुरक्षण कार्यों में किसी भी प्रकार की “शॉर्टकट” पद्धति का प्रयोग न किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंडल के सभी सुपरवाइजर्स अपने अधीन रेल कर्मचारियों की नियमित काउंसलिंग करें तथा अनुरक्षण कार्यों के दौरान कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखें। साथ ही सभी विभाग संरक्षा मैनुअल के अनुरूप अधीनस्थ कर्मचारियों के नियमित रिफ्रेशर प्रशिक्षण सुनिश्चित करने हेतु विशेष निगरानी रखें। इसके पश्चात मण्डल रेल प्रबन्धक ने संरक्षा नियमों पर आधारित पुस्तिका ’परिचालन मार्गदर्शिका’ का विमोचन किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/समन्वय, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक/कोचिंग, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/प्रथम, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/द्वितीय, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/तृतीय, सहायक परिचालन प्रबंधक/कोचिंग स्टेशन निदेशक/गोरखपुर, स्टेशन प्रबन्धक/गोरखपुर, एरिया मैनेजर/गोण्डा सहित सभी खण्डों के यातायात निरीक्षक तथा इंजीनियरिंग, विद्युत/परिचालन, यातायात एवं यांत्रिक के संरक्षा सलाहकार तथा कर्मचारी उपस्थित थे।