श्रीगंगानगर स्टेशन पर ‘रेल जन संवाद’, यात्रियों से सुनीं समस्याएं

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, श्रीगंगानगर : उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल में स्पेशल कैम्पेन 6.0 के तहत यात्री सुविधाओं में सुधार और समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेन्द्र जोशी ने यात्रियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं।

कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों को अपनी बात सीधे रेल प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर देना और उनके सुझावों के आधार पर स्टेशन एवं ट्रेन में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाना रहा। इस दौरान यात्रियों के यात्रा अनुभवों की जानकारी लेकर उनकी जरूरतों को समझने का प्रयास किया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेन्द्र जोशी ने यात्रियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए रेल मदद पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 139 और अन्य उपलब्ध माध्यमों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की शिकायतों का समाधान करना और सुविधाओं में निरंतर सुधार करना रेल प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि रेलवे स्टेशन, ट्रेन और सर्कुलेटिंग एरिया में कचरा निर्धारित स्थान पर रखे कूड़ेदानों में ही डालें। कचरे को उसके प्रकार के अनुसार अलग-अलग पात्रों में डालकर स्वच्छता अभियान में सहयोग करें।

सामाजिक संगठनों ने भी रखे सुझाव

इस अवसर पर डीआरयूसीसी सदस्य सुनील अग्रवाल, व्यापारी नेता तरसेम गुप्ता, समाजसेवी वीरेन्द्र वैद, विनोद सेठी और श्रीमती रेणु अग्रवाल अपनी टीम के साथ स्टेशन पहुंचे। उन्होंने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक का स्वागत किया और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, स्पेशल कैम्पेन 6.0 के अंतर्गत ‘रेल जन संवाद’ पहल के माध्यम से यात्रियों और रेल प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत बनाया जा रहा है। बीकानेर मंडल का लक्ष्य जनभागीदारी बढ़ाकर यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार करना और यात्रियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Back to top button