उत्तर प्रदेश की 251 कृषि मंडियां दीपोत्सव से होंगी रोशन

मण्डी समिति थाना भवन, जनपद शामली

अशोक यादव, लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर संचालित ‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी’ अभियान के तहत प्रदेश की 251 कृषि मंडियां अब तीन दिवसीय दीपोत्सव की रोशनी से जगमगाएंगी। 6, 7 और 8 नवंबर को आयोजित होने वाले इस उत्सव में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और समृद्धि का संगम देखने को मिलेगा। उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद की इस पहल से मंडियों में किसानों और व्यापारियों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है।

मंडी परिषद ने 24 सितंबर से शुरू हुए अभियान के तहत प्रवेश और निकास द्वारों, कार्यालय भवनों तथा चहारदीवारी की रंगाई-पुताई कराई है। नीलामी चबूतरों की सफाई और मरम्मत के साथ आंतरिक सड़कों, नालियों तथा व्यापारिक क्षेत्रों को व्यवस्थित किया गया है। अतिक्रमण हटाने के अलावा हाईमास्ट लाइटों और अन्य प्रकाश उपकरणों की मरम्मत कराई गई है। किसान विश्राम गृहों, पेयजल और शौचालयों की व्यवस्थाओं में भी सुधार किया गया है।

मण्डी समिति झांसी

मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दीपोत्सव का उद्देश्य मंडियों को स्वच्छ और आकर्षक बनाने के साथ कृषि उत्पादन एवं विपणन से जुड़े किसानों और व्यापारियों के जीवन में सुख-समृद्धि का संदेश देना है। उन्होंने मंडी समितियों को सुविधाओं के नियमित रखरखाव और अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

ऑनलाइन निगरानी से होगी गुणवत्ता की जांच

अभियान की निगरानी के लिए विशेष ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया गया है। इसके माध्यम से सफाई, कचरा निस्तारण, श्रमिकों की तैनाती और उपयोग किए गए उपकरणों का विवरण दर्ज किया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी 20 निर्धारित मानकों पर मंडियों की ई-रेटिंग कर रहे हैं। जीपीएस युक्त तस्वीरों से कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर नजर रखी जा रही है।

मण्डी समिति बुलन्दशहर

स्वच्छता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मंडियों को दो लाख रुपये का प्रथम, एक लाख रुपये का द्वितीय और 50 हजार रुपये का तृतीय पुरस्कार दिया जाएगा। अभियान में 12,389 सफाईकर्मियों, 1,446 से अधिक ट्रैक्टरों और 6,527 से अधिक उपकरणों की भागीदारी रही। मंडी परिषद का लक्ष्य स्वच्छता को स्थायी कार्यसंस्कृति बनाकर मंडियों को किसान हितैषी बनाना है।

Related Articles

Back to top button