
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, गोरखपुर : पूर्वोत्तर रेलवे के सतर्कता विभाग के तत्वावधान में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत 2 नवंबर 2026 को महाप्रबंधक सभाकक्ष ‘चैतन्य’ में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर सतर्कता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सेमिनार के मुख्य वक्ता कॉर्पोरेट कोच एवं ट्रेनर श्री हिमांशु विश्नोई थे।
महाप्रबंधक बोरवणकर ने कहा कि जीवन और कार्यक्षेत्र में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं पारदर्शिता का विशेष महत्व है। अधिकारियों और कर्मचारियों को कोई भी निर्णय जल्दबाजी में लेने के बजाय सोच-समझकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रेलवे में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए रेल मदद एप का उपयोग किया जा रहा है। युवा अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों में सत्यनिष्ठा की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास के साथ जिम्मेदारी निभाने और प्रत्येक कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मुख्य वक्ता हिमांशु विश्नोई ने कहा कि विश्वास सफलता की कुंजी है। कार्य के दौरान लालच और लोभ से दूर रहकर नैतिकता, ईमानदारी एवं जवाबदेही के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने पारदर्शिता, उत्तरदायित्व, विश्वसनीयता और हितों के टकराव जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी आदर्श खरे ने कहा कि सत्यनिष्ठा के साथ कार्य करना प्रत्येक रेलकर्मी की जिम्मेदारी है। इससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के साथ कार्यों की गुणवत्ता भी सुनिश्चित होगी।
इस अवसर पर महाप्रबंधक ने मुख्य वक्ता को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन उप मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री कृष्ण चन्द्र सिंह ने तथा धन्यवाद ज्ञापन श्री अमित कुमार ने किया।
इसके अतिरिक्त हायर सेकेंडरी स्कूल, जटेपुर में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर वाक् प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
