
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : जम्मू मंडल में रेलवे कर्मियों की तत्परता और ईमानदारी का एक उत्कृष्ट उदाहरण सामने आया है। शुक्रवार 21 अगस्त 2026 को गाड़ी संख्या 26402 में ड्यूटी के दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ को कंट्रोल के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि कोच संख्या C-11 की सीट संख्या 6, 7 और 8 पर किसी यात्री का बैग छूट गया है, जबकि यात्री अपनी यात्रा पूरी कर श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा स्टेशन पर उतर चुके हैं।
सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात टिकट चेकिंग स्टाफ दिनेश कुमार ने तत्काल कोच C-11 में पहुँचे और सीट पर पड़ा हुआ बैग अपने कब्जे में लिया। इसके बाद उन्होंने अपने Hand Held Terminal (HHT) के माध्यम से यात्री का विवरण और मोबाइल नंबर प्राप्त कर यात्री से संपर्क किया। यात्री ने बताया कि बैग में उनके आवश्यक दस्तावेज और नकद राशि है।
जाँच करने पर बैग में 24,980 रुपये की नकद राशि और महत्वपूर्ण दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पहचान पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस सुरक्षित पाए गए। सत्यापन की कार्यवाही पूरी करने के बाद नियमानुसार उक्त बैग को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सुपुर्द कर दिया गया, ताकि उसे उचित सत्यापन के बाद संबंधित यात्री को लौटाया जा सके। अपना बैग और नकद राशि सुरक्षित मिलने पर यात्री ने जम्मू मंडल और टिकट चेकिंग स्टाफ का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस सराहनीय कार्य पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू मंडल ने कहा, “हमारे टिकट चेकिंग ने जिस तत्परता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। जम्मू मंडल अपने यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की सुरक्षित यात्रा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। हम सभी यात्रियों से अपील करते हैं कि यात्रा के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखें। यदि किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो तो रेलवे स्टाफ या 139 हेल्पलाइन पर संपर्क करें।”
जम्मू मंडल इस तरह के ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारियों पर गर्व करता है।