दीनदयाल शोध संस्थान में मनी पं. दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती; 11 अक्टूबर तक मनाया जाएगा “ग्रामोदय पखवाड़ा”

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : राष्ट्र ऋषि नानाजी देशमुख द्वारा स्थापित दीनदयाल शोध संस्थान (डीआरआई) में शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई । इस पावन अवसर से लेकर 11 अक्टूबर (भारत रत्न नानाजी देशमुख के जन्मदिवस) तक चलने वाले “ग्रामोदय पखवाड़ा” का भव्य शुभारंभ भी किया गया, जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, जल संरक्षण और नशामुक्ति जैसे जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे ।

प्रतिमा पर पुष्पार्चन और प्रसंगों का मंचन
प्रातःकाल से ही संस्थान के विविध प्रकल्पों—गुरुकुल संकुल, उद्यमिता विद्यापीठ, सुरेंद्रपाल ग्रामोदय विद्यालय, रामदर्शन, आईटीआई एवं आरोग्यधाम के कार्यकर्ताओं ने उद्यमिता परिसर स्थित पंडित जी की प्रतिमा पर पुष्पार्चन किया। इसके बाद विवेकानंद सभागार में मुख्य वैचारिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ।

वरिष्ठ विचारकों ने रेखांकित किया एकात्म मानवदर्शन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक अशोक बेरी ने कहा कि पंडित जी का ‘एकात्म मानवदर्शन’ सम्पूर्णता को जीवन का लक्ष्य मानता है। विशिष्ट अतिथि महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. भरत मिश्रा ने कहा कि नानाजी देशमुख ने पंडित जी के ‘अंत्योदय’ विचार को व्यावहारिक धरातल पर उतारा। गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक डॉ. रामनारायण त्रिपाठी ने नानाजी के ध्येय वाक्य को दोहराया।

इस अवसर पर संस्थान के सह संगठन सचिव अनिल अग्रवाल, सचिव अपराजित शुक्ला तथा महाप्रबंधक डॉ. अनिल जायसवाल सहित सभी प्रकल्पों के प्रभारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन सुरेंद्रपाल ग्रामोदय विद्यालय के छात्र अनंत सिंह व तनु पांडेय ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन उपप्राचार्य अशोक दीक्षित द्वारा किया गया।

इसके साथ ही, जन शिक्षण संस्थान के प्रशिक्षण केंद्रों, कृष्णा देवी वनवासी बालिका आवासीय विद्यालय (मझगवां), परमानन्द आश्रम पद्धति विद्यालय (गनीवां), कृषि विज्ञान केंद्र और रामनाथ आश्रमशाला में भी प्रेरक व्याख्यानमाला आयोजित की गई।

Related Articles

Back to top button