उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल : अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में रेल कर्मचारियों का हुआ सम्मान

अशोक यादव, लखनऊ : अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन, उत्तर रेलवे, लखनऊ द्वारा साकेत रेलवे ऑफिसर क्लब, बंदरिया बाग में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रेल कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण भाव को सम्मानित करना तथा उनके मनोबल को प्रोत्साहित करना था।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप मे पधारी , उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती निरुपमा वर्मा द्वारा विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 66 रेलवे महिला एवं पुरुषकर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती निरुपमा वर्मा एवं संगठन के अन्य सदस्यों द्वारा गणेश वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं। स्काउट एवं गाइड के बच्चों द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्रीमती निरुपमा वर्मा ने कर्मचारियों के कठिन परिश्रम, सेवा भावना एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि रेल कर्मचारी विपरीत परिस्थितियों में भी निरंतर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी पूरी ऊर्जा, ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य करते रहने हेतु प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर श्रीमती सुजाता चौहान (उपाध्यक्षा) एवं श्रीमती पूजा श्रीवास्तव (सचिव) महिला कल्याण संगठन, उत्तर रेलवे, लखनऊ, सहित संगठन के अन्य सदस्य एवं रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button