मानसून के दृष्टिगत जम्मू मंडल द्वारा ट्रैक एवं पुलों के रख-रखाव की व्यापक तैयारियां पूर्ण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : आगामी मानसून मौसम को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल द्वारा रेल पथ की सुरक्षा एवं ट्रेनों के सुचारू संचालन हेतु सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूर्ण कर लिए गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि रखते हुए मंडल स्तर पर विशेष कार्य योजना तैयार की गई है।

मानसून के दौरान संसाधनों की समुचित योजना के लिए उत्तर रेलवे मुख्यालय द्वारा विस्तृत निर्देशों सहित मानसून बुकलेट जारी की गई है। मानसून से पूर्व मंडल के सभी पुलों एवं सुरंगों का संबंधित अधिकारियों द्वारा गहन निरीक्षण किया गया है। साथ ही स्टेशनों, यार्डों एवं ट्रैक के किनारे स्थित सभी साइड ड्रेन तथा कैच वाटर ड्रेन की सफाई कराकर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है।

संभावित भूस्खलन एवं जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां चौकीदारों एवं गश्त कर्मचारियों की 24×7 तैनाती की गई है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए नामित स्थानों पर बोल्डर, बालू के बोरे, WNTs (Wooden Needle Tie – लकड़ी कील वाले स्लीपर) सहित अन्य आवश्यक सामग्री मानसून रिजर्व के रूप में उपलब्ध रखी गई है। ये लकड़ी कील वाले स्लीपर ट्रैक में अस्थायी मरम्मत के लिए उपयोग किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त चिन्हित पुलों पर जल स्तर एवं स्कोर लेवल की निगरानी के लिए विशेष मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित किए गए हैं, जिनकी निरंतर निगरानी की जा रही है। पिछले मानसून में क्षतिग्रस्त हुए पुलों पर आवश्यक सुरक्षा एवं मरम्मत कार्य भी योजनाबद्ध तरीके से पूर्ण कर लिए गए हैं।

इस संबंध में मंडल रेल प्रबंधक, जम्मू विवेक कुमार ने कहा कि “मानसून के दौरान रेल संचालन को सुरक्षित एवं बाधारहित बनाए रखने के लिए सभी विभाग समन्वय से कार्य कर रहे हैं। हमारा तकनीकी स्टाफ एवं आपदा प्रबंधन दल पूरी तरह अलर्ट पर है।”

उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल यात्रियों से अनुरोध करता है कि वे यात्रा के दौरान मौसम संबंधी सूचनाओं पर ध्यान दें और किसी भी सहायता के लिए रेल मदद 139 पर संपर्क करें।

Related Articles

Back to top button