
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक के मार्गदर्शन एवं प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक के निर्देशन में पश्चिम मध्य रेल का चिकित्सा विभाग जनस्वास्थ्य संवर्धन एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए निरंतर विभिन्न कल्याणकारी एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर रहा है। इसी क्रम में कोटा मंडल के गंगापुर सिटी में रेलवे स्कूल के विद्यार्थियों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर तथा मंडल रेल चिकित्सालय, कोटा में विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
गंगापुर सिटी में स्कूली बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं CPR प्रशिक्षण
रेलवे उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगापुर सिटी में आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में डॉ. मुजाहिद द्वारा 171 विद्यार्थियों की लंबाई, वजन, दृष्टि (Vision) सहित सामान्य स्वास्थ्य की जांच की गई। विद्यार्थियों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करने के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के लिए उपयोगी सीपीआर (CPR) तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
मंडल रेल चिकित्सालय, कोटा में विश्व अंगदान दिवस पर जागरूकता कार्यशाला
मंडल रेल चिकित्सालय, कोटा में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुपर्णा सेन रॉय के नेतृत्व में विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में डॉ. कुलवंत गौड़, सीनियर ट्रांसप्लांट कॉर्डिनेटर, शाइन इंडिया फाउंडेशन ने अंगदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इससे जुड़ी विभिन्न भ्रांतियों एवं आशंकाओं का निराकरण किया। उन्होंने बताया कि सामान्य मृत्यु की स्थिति में नेत्र एवं त्वचा का दान तथा ब्रेन डेड स्थिति में किडनी, लिवर, लंग्स, हार्ट, अग्न्याशय एवं आंतों का दान किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि अंगदान के माध्यम से एक व्यक्ति कई जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई आशा जगा सकता है।

जागरूकता कार्यशाला में 150 से अधिक मरीजों, वरिष्ठ चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यशाला से प्रेरित होकर अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुषमा भटनागर एवं डॉ. राजन गुप्ता सहित लगभग 15 लोगों ने मरणोपरांत नेत्रदान हेतु संकल्प पत्र भरे।
पश्चिम मध्य रेल के केंद्रीय चिकित्सालय, तीनों मंडलों के मंडल चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य इकाइयों द्वारा नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण तथा जनजागरूकता अभियानों का आयोजन किया जा रहा है। इन अभियानों के माध्यम से कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के साथ-साथ आपातकालीन जीवनरक्षक तकनीकों तथा अंगदान जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
पश्चिम मध्य रेल भविष्य में भी जनस्वास्थ्य संवर्धन एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।