
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में बुधवार 11 मार्च को विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र, भगिनी निवेदिता वूमेन डेवलपमेंट सेल, बीबीएयू और नेल्सन मेडिसिटी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विकास श्रीवास्तव, भगिनी निवेदिता वूमेन डेवलपमेंट सेल, बीबीएयू की चेयरपर्सन प्रो. सुमन मिश्रा, चिकित्साधिकारी डॉ. हर्षिता सिंह, नेल्सन मेडिसिटी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निधि सिंह एवं फिजिशियन डॉ. नमन उपाध्याय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य रूप से ब्लड प्रेशर, शुगर एवं हीमोग्लोबिन की जांच की गई तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं फिजिशियन द्वारा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया, जिसका लाभ विश्वविद्यालय के लगभग 100 शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक उठाया गया।

विश्वविद्यालय के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विकास श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक किया जाता है तथा उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त करने का अवसर मिलता है। डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक विकास ही नहीं, बल्कि सभी से जुड़े लोगों के बेहतर स्वास्थ्य और कल्याण को भी सुनिश्चित करना है।
स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उपस्थित प्रतिभागियों की स्वास्थ्य समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर आवश्यक सुझाव एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया। चिकित्सकों ने सभी को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए भी प्रेरित किया, ताकि स्वस्थ जीवनशैली को अपनाया जा सके।
शिविर के दौरान विभिन्न शिक्षक, गैर शिक्षण अधिकारी एवं कर्मचारी, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।