महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे ने गोरखपुर ज. स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, विकास कार्यों एवं म्यूजियम का निरीक्षण किया

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, गोरखपुर :: पूर्वोत्तर रेलवे अपने यात्रियों को बेहतर यात्री सुविधा उपलब्ध कराने एवं आवागमन को सुगम बनाने हेतु प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में, महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर ने शनिवार 09 मई, 2026 को गोरखपुर जं. स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं एवं पुनर्विकास कार्यों तथा रेल म्यूजियम सह हेरिटेज प्लाजा का गहनता से निरीक्षण
किया।

इस अवसर पर अपर महाप्रबन्धक विनोद कुमार शुक्ल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण अभय कुमार गुप्ता, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर नरेश कुमार, मुख्यालय एवं लखनऊ मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे। महाप्रबन्धक उदय बोरवणकर ने गोरखपुर जं. स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के निरीक्षण के दौरान स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बल दिया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबन्धक उदय बोरवणकर ने गोरखपुर जं. स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-9 एवं 5-6 पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं तथा पुनर्विकास कार्यों का गहनता से निरीक्षण किया। बोरवणकर ने यात्री सुविधाओं- लिफ्ट, एस्केलेटर, पार्किंग स्थल, वाटर बूथ, पेय जल आदि का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने भंडार डिपो, गोरखपुर के निकट प्लेटफॉर्म संख्या-9 के प्रवेश द्वार के आस-पास खाली स्थान पर पौधारोपण करने, बाउंड्री वाल के ऊपर लगी फेंसिंग को सुदृढ़ करने तथा रेल परिसर एवं रेल लाइन के किनारे पड़ी निराकृत स्क्रैप सामग्रियों का निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया। बोरवणकर ने प्लेटफॉर्म संख्या-9 पर नये वाटर बूथ एवं शेड लगाने तथा प्लेटफॉर्म को साफ-सुथरा रखने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने निर्माणाधीन उत्तर-पूर्व स्टेशन भवन का अवलोकन किया। महाप्रबन्धक ने आरक्षण केन्द्र पर साइनेज लगाने एवं कैब-वे पर पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु सम्बन्धित अधिकारी को निर्देशित किया।

महाप्रबन्धक बोरवणकर ने प्लेटफॉर्म संख्या-5 एवं 6 पर चल रहे निर्माण कार्यों, कोच इंडीकेशन बोर्ड, केबलिंग आदि
को व्यवस्थित करने हेतु आवश्यक सुझाव दिये। साथ ही उन्होंने लिफ्ट को चालू अवस्था में रखने हेतु निर्देश दिया।
महाप्रबन्धक ने गोरखपुर जं. स्टेशन पर चल रही निर्माण परियोजनाओं का भी अवलोकन किया और सम्बन्धित को
परियोजनाओं को पूरी गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करने हेतु दिशा-निर्देश दिये। बोरवणकर ने अधिकारियों को
निर्देशित किया कि पुनर्विकास हेतु किये जा रहे निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो
और उनका आवागमन सुगम हो। उन्होंने गेट संख्या-2 एवं 4 तथा यात्री आश्रय स्थल एवं आस-पास के स्थान को साफ-
सुथरा रखने पर जोर दिया।

निरीक्षण के अन्त में बोरवणकर ने स्टेशन परिसर के बाहर प्रवेश द्वार के निकट अवैध दुकानों से हो रही अतिरिक्त भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने हेतु फेंसिंग लगाने का सुझाव दिया। महाप्रबन्धक ने स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाये रखने तथा उपलब्ध यात्री सुविधाओं को व्यवथित करने का निर्देश दिया, जिससे यहाँ आने वाले यात्रियों को सुखद अनुभूति हो।

गोरखपुर जं. स्टेशन के निरीक्षण के उपरान्त महाप्रबन्धक उदय बोरवणकर ने रेल म्यूजियम सह हेरिटेज प्लाजा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल म्यूजियम के गौरवशाली विरासत पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया, जिसको डिजिटली डाउनलोड भी किया जा सकता है।

तत्पश्चात महाप्रबन्धक ने रेल म्यूजियम में रखी धरोहरों को संरक्षित रखने तथा साफ-सफाई पर बल दिया। उन्होंने म्यूजियम के अन्दर तथा प्रवेश द्वार के सौंदर्यीकरण हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया।

Related Articles

Back to top button