दीपावली और छठ पर डीआरएम ने रेल यात्रियों से की सुरक्षित यात्रा की अपील

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने रेल उपयोगकर्ताओं, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को दीपावली और छठ पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने यात्रियों से सुरक्षित रेल यात्रा के लिए रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

डीआरएम ने कहा कि भारतीय रेल देश की सार्वजनिक संपत्ति है, इसलिए इसकी सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। यात्रियों से अपील की कि वे ट्रेन में ज्वलनशील एवं विस्फोटक पदार्थ लेकर यात्रा न करें। चलती ट्रेन की छत पर बैठकर या दरवाजे पर लटककर सफर करने से बचें। स्टेशन पर एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए पैदल उपरिगामी पुल (एफओबी), लिफ्ट और एस्केलेटर का उपयोग करें। रेल लाइन के किनारे भीड़ एकत्र न करें तथा ट्रेनों और स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखें।

जैन ने बताया कि दीपावली एवं छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन प्रमुख नगरों से आने-जाने के लिए रिकॉर्ड संख्या में विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। उन्होंने यात्रियों को सलाह दी कि वे इन विशेष ट्रेनों में अग्रिम बर्थ आरक्षित कराकर अपनी यात्रा को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक बनाएं।

Related Articles

Back to top button