
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : रेल संरक्षा को सुदृढ़ करने, स्टेशनों पर स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा रेलवे परिसंपत्तियों के समुचित रख-रखाव के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने मंगलवार 18 अगस्त,2026को मंडलीय अधिकारियों के साथ कप्तानगंज-थावे रेल खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बोदरवार, लक्ष्मीगंज, रामकोला, बड़हरागंज, पडरौना, कठकुईयां, दुदही, तमकुही रोड, तरयासुजान एवं सासामूसा स्टेशनों के साथ-साथ समपार संख्या 99B1 एवं 70C तथा पडरौना रेलवे कॉलोनी का भी गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने विभिन्न स्टेशनों पर परिचालनिक एवं संरक्षा व्यवस्थाओं, स्टेशन पैनल, रिले रूम, IPS रूम, संरक्षा उपकरण, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री शेड तथा साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों को शुद्ध पेयजल, स्वच्छ वातावरण तथा बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ सभी व्यवस्थाओं का नियमित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सर्वप्रथम बोदरवार स्टेशन के निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने दोहरीकरण योजना के अंतर्गत चल रहे क्षमता विस्तार एवं यात्री सुविधा विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्ययोजना एवं प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के दौरान रेल संरक्षा एवं यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने कप्तानगंज-लक्ष्मीगंज रेल खंड के किमी 122/11-12 पर स्थित समपार संख्या 99B1 का निरीक्षण करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने गेट सिगनल, चेतावनी बोर्ड, हाईट गेज, CLS पैनल, बूम लॉकिंग, सड़क की सतह, स्पीड ब्रेकर एवं साफ-सफाई आदि की जांच की। उन्होंने टूटे हुए फर्श की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही गेटमैन श्री हरिनारायण प्रसाद का संरक्षा ज्ञान परखा तथा सेफ्टी काउंसलर के माध्यम से गेटमैनों को समय-समय पर संरक्षा नियमों एवं नवीनतम निर्देशों की जानकारी देने के निर्देश दिए।

बड़हरागंज-पडरौना के मध्य किमी 97/10-11 पर स्थित समपार संख्या 70C का भी संरक्षा निरीक्षण किया गया। यहां गेट सिगनल, संरक्षा उपकरण, CLS पैनल, हाईट गेज, चेतावनी बोर्ड, सड़क की सतह एवं स्पीड ब्रेकर आदि की जांच की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने गेटमैन श्री अशोक पासवान का संरक्षा ज्ञान परखा तथा निर्धारित संरक्षा नियमों एवं प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लक्ष्मीगंज स्टेशन पर पैनल रूम, संरक्षा उपकरण, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया तथा प्लेटफॉर्म का निरीक्षण किया गया। यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए शेड में पंखे लगाने तथा स्टेशन परिसर में पेड़ के पास बने चबूतरे के संबंध में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। मंडल रेल प्रबंधक ने क्षेत्रीय व्यापारियों से भी भेंट कर उनकी आवश्यकताओं एवं सुझावों का संज्ञान लिया।
उन्होंने रामकोला स्टेशन पर स्टेशन पैनल, रिले रूम, IPS रूम, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया एवं प्लेटफॉर्म का निरीक्षण किया गया। उन्होंने व्यापार मंडल के सदस्यों से भेंट कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
उन्होंने बड़हरागंज स्टेशन पर स्टेशन पैनल, संरक्षा रिकॉर्ड, रिले रूम, IPS रूम, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया एवं प्लेटफॉर्म का निरीक्षण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन अधीक्षक एवं पॉइंटमैन से गाड़ियों के परिचालन तथा यात्री सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
इसके पश्चात उन्होंने पडरौना स्टेशन पर स्टेशन पैनल, संरक्षा उपकरण, रिले रूम, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म तथा यात्री शेड का निरीक्षण किया गया। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक से परिचालनिक व्यवस्था एवं यात्री सुविधाओं की जानकारी ली तथा वाटर बूथ पर पेयजल की गुणवत्ता भी परखी। स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का मानचित्र के माध्यम से अवलोकन कर कार्ययोजना की जानकारी ली और सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

पडरौना रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण कर कॉलोनी में आपूर्ति किए जाने वाले पेयजल की गुणवत्ता एवं बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही खराब एवं जर्जर रेलवे आवासों को नियमानुसार परित्यक्त घोषित करने की कार्रवाई के निर्देश दिए।
तदुपरांत उन्होंने कठकुईयां स्टेशन पर प्लेटफॉर्म, स्टेशन पैनल, पावर डिस्ट्रीब्यूशन पैनल, सर्कुलेटिंग एरिया एवं अन्य यात्री सुविधाओं तथा साफ-सफाई का निरीक्षण किया गया।

दुदही स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई एवं परिचालनिक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं के समुचित रख-रखाव के निर्देश दिए गए।

मंडल रेल प्रबंधक जैन ने तमकुही रोड स्टेशन पर यात्री सुविधाओं एवं संरक्षा उपकरणों का निरीक्षण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन स्टोर को इलेक्ट्रिक पैनल में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तमकुही रोड नगर पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती सोनिया जायसवाल से औपचारिक वार्ता कर क्षेत्रीय जनता की आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी ली।
तदुपरांत तरयासुजान स्टेशन पर यात्री सुविधाओं एवं परिचालनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा स्वच्छता, शुद्ध पेयजल एवं बेहतर यात्री सुविधाओं के साथ सुरक्षित एवं सुचारु परिचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद उन्होंने सासामूसा स्टेशन पर पैनल रूम के सामने टीन शेड के साथ बेंच एवं पंखे लगाने के निर्देश दिए गए। पेड़ के पास अनावश्यक कंक्रीट हटाकर चबूतरा बनाने तथा आम जनता की समस्याओं एवं आवश्यकताओं का संज्ञान लेने के निर्देश भी दिए गए।
मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेलवे कर्मचारियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय वातावरण सुनिश्चित करने तथा कॉलोनी की मूलभूत सुविधाओं के नियमित रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर द्वितीय विनीत कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बलेन्द्र पॉल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष गुप्ता, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुँवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर द्वितीय अमित मणि त्रिपाठी, सहायक मंडल इंजीनियर मनीष त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित थे।
मंडल रेल प्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, विकास एवं अनुरक्षण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सुरक्षित रेल परिचालन, संरक्षा, स्वच्छता, यात्री सुविधा एवं कर्मचारी कल्याण—वाराणसी मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।