
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : महाप्रबंधक, पूर्वाेत्तर रेलवे उदय बोरवणकर के निर्देशानुसार तथा मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मण्डल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम, फ्रेट एवं डीएम महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में लखनऊ मण्डल के लखनऊ जंक्शन, गोरखपुर, गोंडा, बस्ती, खलीलाबाद एवं ऐशबाग स्टेशनों पर एक साथ ‘स्वच्छता जागरूकता अभियान एवं रैली’ का आयोजन किया गया।

इस अभियान के अन्तर्गत रेल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं एनसीसी/स्काउट सदस्यों द्वारा जन-जागरूकता रैली निकालकर यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। स्टेशन परिसरों में सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से स्वच्छता बनाए रखने एवं कचरा डस्टबिन में डालने की अपील की गई तथा यात्रियों को सिंगल-यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत करा कर इसके उपयोग को कम करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान स्टेशन परिसरों का सघन निरीक्षण किया गया तथा सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी निगरानी रखी गई। रेलवे स्टेशनों पर स्थित खान-पान स्टॉलों एवं विक्रेताओं को सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने एवं पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। यात्रियों एवं विक्रेताओं को बताया गया कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े या जूट के थैलों का प्रयोग करें, जिससे पर्यावरण संरक्षण में योगदान मिल सके।

पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत इस प्रकार के अभियान निरंतर आयोजित करता रहेगा। हमारा लक्ष्य स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त रेल परिसर बनाना है। इसके लिए यात्रियों का सहयोग अपेक्षित है।
