
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के 11वें दीक्षांत समारोह-2026 का आयोजन शनिवार 29 अगस्त 2026 को किया जाएगा। यह दीक्षांत समारोह विशेष रूप से वर्ष 2023, 2024, 2025 एवं 2026 के उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया जायेगा। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं अभ्यर्थियों की सहभागिता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने दीक्षांत समारोह को सुचारु, व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए इसे दो चरणों में आयोजित करने का निर्णय लिया है।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार प्रथम चरण का आयोजन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में होगा, जबकि द्वितीय चरण दोपहर 2 बजे से विद्यार्थियों के संबंधित विभागों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण में अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में पीएचडी एवं गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी ।प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को प्रॉक्टर कार्यालय द्वारा वैध दीक्षांत पास जारी किया जायेगा। मुख्य समारोह के दौरान मंच पर हर वर्ष के विवि टॉपर तथा आर. डी. सोनकर अवार्ड प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ही उपाधि प्रदान की जायेगी। अन्य पंजीकृत विद्यार्थियों को उनकी उपाधियां संबंधित विभागों में आयोजित द्वितीय चरण के दौरान दी जायेगी।
द्वितीय चरण की शुरुआत दोपहर 2 बजे से संबंधित विभागों में होगी। सभी विभागाध्यक्षों को उपाधि प्राप्तकर्ताओं एवं अन्य अधिकृत प्रतिभागियों के लिए पर्याप्त एवं उचित बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थी समय से द्वितीय चरण के उपाधि वितरण कार्यक्रम में शामिल हो सकें।
दीक्षांत समारोह के दौरान सुरक्षा एवं अनुशासन को लेकर भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। दोपहर 1 बजे के बाद सभी विभागों में प्रवेश केवल पंजीकृत अभ्यर्थियों को उनके दीक्षांत पास के सत्यापन के बाद ही दिया जाएगा। विद्यार्थियों की पहचान एवं पास का अनिवार्य सत्यापन कर प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों, फूड कमेटी, सुरक्षा अधिकारी एवं सैनिटेशन प्रभारी को आपसी समन्वय के साथ दोनों चरणों का सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. विक्रम सिंह यादव ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों, समिति सदस्यों एवं विभागाध्यक्षों से अधिसूचना में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने का अनुरोध किया है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य 11वें दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए उपाधि एवं पुरस्कार वितरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराना है।

