आरोग्यधाम में कटे-फटे होंठ एवं तालू की निशुल्क सर्जरी के लिए शिविर शुरू

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : दीनदयाल शोध संस्थान के आरोग्यधाम परिसर स्थित मातृ सदन में कटे-फटे होंठ एवं तालू की समस्या से पीड़ित मरीजों के उपचार के लिए पांच दिवसीय निशुल्क प्लास्टिक सर्जरी शिविर का आयोजन किया गया है। 26 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस शिविर में पंजीकृत मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के बाद निशुल्क सर्जरी की सुविधा प्रदान की जा रही है। मरीजों के पंजीयन से लेकर उपचार और डिस्चार्ज तक की सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह निशुल्क रखी गई हैं।

शिविर का शुभारंभ गुरुवार को आरोग्यधाम के मातृ सदन में दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन, सचिव अपराजित शुक्ला तथा इंग्लैंड से आए वरिष्ठ सर्जन एवं निदेशक दन्त चिकित्सा डॉ. नरेश शर्मा ने चिकित्सकीय टीम की उपस्थिति में भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

शिविर में वरिष्ठ प्लास्टिक सर्जन एवं उनकी टीम कटे-फटे होंठ और तालू से प्रभावित मरीजों की सर्जरी कर रही है। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। जन्मजात विकृति से प्रभावित बच्चों और अन्य मरीजों के लिए यह सर्जरी उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इससे उन्हें सामान्य सामाजिक जीवन में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

इंग्लैंड से आए वरिष्ठ सर्जन डॉ. नरेश शर्मा ने बताया कि प्लास्टिक सर्जरी के माध्यम से जन्मजात दोषों, चोटों अथवा बीमारियों के कारण क्षतिग्रस्त त्वचा और अंगों को ठीक करने का प्रयास किया जाता है।

इससे शरीर के अंगों की कार्यक्षमता बहाल करने के साथ मरीज के जीवन की गुणवत्ता में सुधार होता है। उन्होंने कहा कि इस तरह का उपचार मरीजों के आत्मविश्वास और आत्मसम्मान को बढ़ाने में भी सहायक है।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध करा रही है।

Related Articles

Back to top button