
प्रो. एम.के. पाढ़ी
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग तथा विधि विभाग में नए विभागाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी प्रो. एम.के. पाढ़ी को सौंपी गई है, जबकि विधि विभाग की नई विभागाध्यक्ष प्रो. सूफिया अहमद नियुक्त की गई हैं।
नवनियुक्त विभागाध्यक्षों की नियुक्ति पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा दोनों विभागों के शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के नवनियुक्त विभागाध्यक्ष प्रो. एम.के. पाढ़ी ने कहा कि उनका प्राथमिक उद्देश्य विभाग के शैक्षणिक एवं अकादमिक विकास को नई दिशा देना होगा। इसके लिए शिक्षण, शोध और नवाचार की गुणवत्ता को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों का सृजन करने और विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों के सहयोग से विभाग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।

प्रो. सूफिया अहमद
वहीं, विधि विभाग की नवनियुक्त विभागाध्यक्ष प्रो. सूफिया अहमद ने नई जिम्मेदारी सौंपने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधि विभाग में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध एवं अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय में दोनों विभागों के नेतृत्व में हुए इस बदलाव से शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

