आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग को लेकर विधानसभा अध्यक्ष से मिले 68,500 भर्ती के अभ्यर्थी

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति दूर कर न्याय दिलाने की मांग को लेकर इको गार्डन में पिछले 87 दिनों से धरना दे रहे अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

दोपहर करीब एक बजे हुई मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद की सामाजिक एवं संसदीय सद्भाव समिति की रिपोर्ट भी विधानसभा अध्यक्ष को सौंपी। इसके साथ ही प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्रियों और उपमुख्यमंत्री से हुई मुलाकातों तथा मिले आश्वासनों का विवरण भी प्रस्तुत किया।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष ने प्रकरण को प्रदेश सरकार के संज्ञान में होने वाला नीतिगत मामला बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री से पत्राचार और वार्ता कर मामले का समाधान कराने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि किसी के साथ अहित नहीं होने दिया जाएगा।

सह-नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि अभ्यर्थियों की मांग है कि आयोगों और विधान परिषद की समिति की रिपोर्ट के अनुरूप आरक्षण विसंगति दूर की जाए। ओबीसी वर्ग को आरक्षित श्रेणी का लाभ देते हुए 150 में से 60 अंक यानी 40 प्रतिशत के आधार पर परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। इसके अलावा दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित अभ्यर्थियों को भी नियमानुसार आरक्षण का लाभ दिया जाए।

धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने सरकार और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों से शीघ्र न्यायपूर्ण निर्णय लेने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल में तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा, रणविजय सिंह समेत अन्य अभ्यर्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button