बीबीएयू की नई डायनेमिक वेबसाइट का शुभारंभ, एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेगी शैक्षणिक और प्रशासनिक जानकारी

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में 25 नवंबर को विश्वविद्यालय की नई एवं पूर्णतः डायनेमिक आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया गया। भारत सरकार के राज्य मंत्री कमलेश पासवान, उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला तथा इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) रंगनाथ पाण्डेय ने संयुक्त रूप से नई वेबसाइट का शुभारंभ किया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल तकनीक और सूचना प्रौद्योगिकी किसी भी शैक्षणिक संस्थान की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण आधार हैं। विश्वविद्यालय की नई वेबसाइट और ईआरपी पोर्टल डिजिटल सुविधाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक और शोध संबंधी गतिविधियों की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध हो सकेगी।

विश्वविद्यालय कंप्यूटर सेंटर के निदेशक प्रो. एसके द्विवेदी ने वेबसाइट की तकनीकी विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नई वेबसाइट कंटेंट मैनेजमेंट सिस्टम (सीएमएस) के माध्यम से संचालित होगी। इसके तहत प्रत्येक संकाय सदस्य को अलग-अलग लॉगिन आईडी दी जाएगी, जिससे वे अपने संबंधित वेब पेज और जानकारियों को स्वयं अपडेट एवं संपादित कर सकेंगे। इससे सूचनाओं को अद्यतन करने की प्रक्रिया सरल और तेज होगी।

उन्होंने बताया कि वेबसाइट में केंद्रीकृत डेटाबेस प्रणाली विकसित की गई है। इसके माध्यम से विश्वविद्यालय की उपलब्धियां, विभिन्न रैंकिंग, शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियां, आंकड़े और विभिन्न संस्थानों के साथ हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। इसके अलावा प्रत्येक विभाग और संकाय का अलग-अलग वेब पेज बनाया गया है, जिससे विभागीय गतिविधियों और उपलब्धियों को व्यवस्थित तरीके से देखा जा सकेगा।

नई वेबसाइट के साथ संबद्ध ईआरपी पोर्टल विश्वविद्यालय की डिजिटल कार्यप्रणाली को एकीकृत और सुगम बनाने में मदद करेगा। इससे सूचनाओं का बेहतर प्रबंधन, त्वरित संप्रेषण और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में तेजी आएगी।

यह पहल विश्वविद्यालय को स्मार्ट एवं तकनीक आधारित डिजिटल परिसर के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button