
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के प्रबंध अध्ययन विभाग की ओर से 25 से 30 नवंबर तक पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन विषय पर पांच दिवसीय प्रबंधन विकास कार्यक्रम (एमडीपी) का बुधवार को शुभारंभ हुआ। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के एमएसएमई-विकास एवं सुविधा कार्यालय, कानपुर के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में एमएसएमई, डीएफओ कानपुर के निदेशक वीके वर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं बाबासाहेब के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इसके बाद विश्वविद्यालय कुलगीत प्रस्तुत किया गया। आयोजन समिति ने अतिथियों को पौधे एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम संयोजक एवं प्रबंध अध्ययन विभागाध्यक्ष प्रो. तरुणा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने वाला बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवा उद्यमियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, जैविक खेती, डेयरी, मत्स्य पालन और कृषि तकनीक जैसे क्षेत्रों में स्टार्टअप की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने चक्रीय अर्थव्यवस्था पर जोर देते हुए संसाधनों के बेहतर उपयोग और अपशिष्ट पदार्थों को उपयोगी उत्पादों में बदलने की आवश्यकता बताई।
मुख्य अतिथि वीके वर्मा ने कहा कि एमएसएमई युवाओं के नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से काम कर रहा है। उन्होंने एमएसएमई इनोवेटिव, जीरो डिफेक्ट जीरो इफेक्ट और क्लस्टर विकास कार्यक्रम की जानकारी दी।
प्रो. सुनीता बर्थवाल ने प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से बताया कि सफलता के लिए बड़े संसाधनों से अधिक जुनून, दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर सीखने की ललक जरूरी है। डिक्की के प्रतिनिधि कुंवर शशांक ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति के उद्यमियों को प्रशिक्षण, नेटवर्किंग और बाजार उपलब्ध कराने में संस्था की भूमिका बताई।

प्रो. तरुणा ने युवाओं को अपने कौशल और नवाचारी विचारों को व्यवसाय में बदलने के लिए प्रेरित किया। एमएसएमई की सांख्यिकी अधिकारी सोनिका रस्तोगी ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, क्रेडिट गारंटी योजना, एस्पायर और विपणन सहायता योजना की जानकारी दी। वहीं, जूट फॉर लाइफ की संस्थापक अंजलि सिंह ने जूट उत्पादों के निर्माण के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के प्रयास साझा किए।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रबंध अध्ययन विभाग डीन प्रो. अमित सिंह, प्रो. रमेश चतुर्वेदी, प्रो. लता बाजपेई सहित समस्त शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं प्रतिभागी मौजूद रहे।

